

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Naxalite secret dump discovered in Kanker forests; large quantities of material, including weapons and wireless sets, seized.
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला जंगल में चलाए गए संयुक्त सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों का एक खुफिया डंप बरामद किया गया। डंप में हथियारों के साथ संचार उपकरण, वर्दी और अन्य नक्सल सामग्री छिपाकर रखी गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में लगातार संयुक्त अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम आमाटोला के जंगल में सर्चिंग कर रही थी। अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध स्थान दिखाई दिया, जिसकी जांच करने पर नक्सलियों द्वारा छिपाया गया डंप मिला।
सुरक्षाबलों ने डंप से चार भरमार बंदूकें, दो वायरलेस सेट, एक रेडियो, एक नक्सली वर्दी, दो पोच, एक चार्जर, एक बैटरी तथा नक्सल साहित्य सहित अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामान को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से जंगल से बाहर निकाला गया।

कार्रवाई पूरी होने के बाद संयुक्त टीम के सभी जवान सुरक्षित अपने कैंप लौट आए। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री की जांच की जा रही है और इससे नक्सलियों की गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि जिले के संवेदनशील और दूरस्थ इलाकों में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिल रही है।