

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Recruitment for Grade-3 and Grade-4 posts in Chhattisgarh set to gain momentum; details of vacant positions sought... preparations for the Assembly session in July also intensifying.
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रेड-3 और ग्रेड-4 के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव विकासशील ने सभी विभागों को स्वीकृत, कार्यरत और रिक्त पदों का अद्यतन विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से चल रही भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक विभाग अपने रिक्त पदों का रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखे, ताकि भर्ती प्रस्तावों और चयन प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने पर विशेष जोर दिया।
राज्य सरकार ने हाल ही में तृतीय (ग्रेड-3) और चतुर्थ (ग्रेड-4) श्रेणी की भर्तियों के लिए एक समान व्यवस्था लागू की है। अब इन सभी पदों पर नियुक्तियां नवगठित छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से कराई जाएंगी। विभागों से रिक्तियों का ताजा विवरण मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया को और तेज किए जाने की संभावना है।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों की ऑनलाइन सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से 'सेवा सेतु' प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश भी दिए। इसका उद्देश्य नागरिकों को एक ही मंच पर पारदर्शी, सरल और बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है।इसके अलावा ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, मनरेगा और पीएम सूर्य घर बिजली योजना समेत कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में 13 से 17 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सदन से जुड़े प्रश्नों, जवाबों और आवश्यक अभिलेखों की तैयारी समय रहते पूरी कर ली जाए तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जरूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराई जा सके।
नई भर्ती प्रणाली के तहत ग्रेड-3 और ग्रेड-4 की सरकारी नियुक्तियों को सात अलग-अलग समूहों में विभाजित किया गया है। कर्मचारी चयन मंडल विभागों से मांग-पत्र मिलने के बाद कॉमन परीक्षा और पद विशेष की परीक्षा आयोजित करेगा।ग्रेड-3 में पटवारी, सहायक ग्रेड-3, सचिवालय सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, छात्रावास अधीक्षक, शिक्षक, व्याख्याता, कनिष्ठ अभियंता, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, खाद्य निरीक्षक, श्रम निरीक्षक, खेल अधिकारी, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर जैसे पद शामिल किए गए हैं। वहीं ग्रेड-4 में वाहन चालक सहित विभिन्न विभागों के चतुर्थ श्रेणी के पदों पर इसी नई व्यवस्था के तहत भर्ती की जाएगी।