

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Chhattisgarh near onset of Monsoon, expected to enter in 2-3 days; Rain and lightning alert in many districts
रायपुर। बिहार में मानसून की दस्तक के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश का इंतजार तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और अगले दो से तीन दिनों के भीतर इसके छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है। मानसून की औपचारिक एंट्री से पहले ही प्रदेश के मौसम में बदलाव साफ दिखाई देने लगा है।
प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। बस्तर संभाग में लगातार हो रही हल्की बारिश को प्री-मानसून गतिविधियों का संकेत माना जा रहा है।
शुक्रवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। यह प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे, हालांकि देर रात तक बारिश की स्थिति नहीं बनी।
वहीं, राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आगामी पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी प्रणाली के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। इसके चलते बारिश की गतिविधियों में और वृद्धि होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का मानना है कि यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले दो-तीन दिनों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा, जिसके बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी तथा तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी।