

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Weather pattern shifts in Chhattisgarh ahead of the monsoon; strong thunderstorms and rain likely over the next two days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है। भीषण गर्मी के बीच मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को राहत मिली है, लेकिन मानसून के समय पर नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। खरीफ फसलों की बुवाई को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के कुछ स्थानों पर मध्यम से तीव्र मेघगर्जन के साथ वर्षा और वज्रपात दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में तीव्र वज्रपात और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।
शुक्रवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम में बदलाव के कारण कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, करपावंड और सामरी में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बास्तानार में 4 सेंटीमीटर, जबकि बकावंड, अंबिकापुर और भनपुरी में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा नगरी, छुईखदान, मर्दापाल, लोहांडीगुड़ा, कुकरेल, दुर्ग, लाभांडीह, रायपुर शहर, पलारी और कोंडागांव में 2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अन्य कई स्थानों पर भी हल्की बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। वहीं दूसरी द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना, आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं। कुछ इलाकों में तेज हवाएं और अंधड़ चलने की भी संभावना है।
विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। गरज-चमक और वज्रपात की गतिविधियां भी बनी रह सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में 20 जून को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चल सकता है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।