

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Rainfall intensity to increase in Chhattisgarh from today; humid conditions persist in Raipur; heavy rain alert issued for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक के बावजूद राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में अब तक अच्छी बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग का रायपुर में बारिश को लेकर जारी पूर्वानुमान लगातार सटीक साबित नहीं हो पा रहा है। हालांकि विभाग ने आज 29 जून से प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों में मानसून के राज्य के शेष हिस्सों तक पहुंचने के भी आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कोहकामेटा में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कोंटा में 6 सेंटीमीटर, खड़गांव में 5 सेंटीमीटर तथा करपावंड, फरसगांव, मानपुर, नारायणपुर, मर्दापाल, रामचंद्रपुर और गंडई में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बकावंड, मुंगेली, दुर्ग, कटेकल्याण और औंधी में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश में मौसम परिवर्तन के पीछे कई सक्रिय सिनोप्टिक सिस्टम जिम्मेदार हैं। पंजाब से बिहार तक समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। वहीं उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश से विदर्भ और तेलंगाना तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर एक द्रोणिका सक्रिय है। मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश से छत्तीसगढ़ होते हुए मध्य महाराष्ट्र तक 4.5 किलोमीटर ऊंचाई पर एक अन्य द्रोणिका प्रभावी है।
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम वर्षा और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को आकाश में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।