

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Heavy rain likely in Chhattisgarh today as well; Orange alert for 11 districts; Raipur to witness rainfall too.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर छत्तीसगढ़ में बुधवार को भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मौसमी सिस्टम अगले 48 घंटे में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बारिश के आसार: 2 सितंबर को राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, बारिश के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश चांदो में 15 सेमी दर्ज की गई। इसके बाद रामचंद्रपुर में 12 सेमी, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेमी बारिश हुई।
बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेमी बारिश दर्ज की गई। चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेमी, जबकि बलौदा बाजार, सोनाखान और जनकपुर भरतपुर में 5-5 सेमी बारिश हुई।
दौरा कोचली, भाटापारा और भटगांव में 4-4 सेमी तथा मुकडेगा, बसना, कसडोल, लटोरी, पिथौरा और पलारी में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा दर्ज हुई।
मौसम विभाग ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना बेहतर होगा।