

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Impact of weather system over the Bay of Bengal; heavy rainfall in several districts, including Raipur; alert issued for strong winds.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में लगातार दिखाई दे रहा है। गुरुवार को दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में पूरे दिन मौसम बदला रहा। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। वहीं, कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। 24 सितंबर की सुबह 11:30 बजे यह 18.7 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 83.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास केंद्रित था।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
बारिश के कारण राजधानी रायपुर समेत कई क्षेत्रों के तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बारिश से मौसम सुहावना हुआ है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है।
प्रदेश में अब तक कुल बारिश सामान्य से करीब 6 फीसदी कम दर्ज की गई है। हालांकि, सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।