

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Intense sunshine will increase the heat in Raipur today, with the mercury likely to reach 35°C; rain and strong winds are expected in some areas.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बाद भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में दिन के समय तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को रायपुर में मौसम साफ रहने और अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान साफ रहने और दिनभर तेज धूप निकलने के आसार हैं। रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा, जबकि एक-दो जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तापमान में अंतर बना हुआ है।
रविवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान अलग-अलग स्तर पर दर्ज किया गया। दुर्ग में 33.4 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में 33.2 डिग्री सेल्सियस, माना में 32.9 डिग्री सेल्सियस, बिलासपुर में 32.4 डिग्री सेल्सियस, पेंड्रारोड में 31.4 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में बादल गरजने, बिजली चमकने और आकाशीय बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक जैसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा गुजर रही है। अगले दो दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।