

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Monsoon to become active again in Chhattisgarh; dark clouds gather over Raipur; Orange and Yellow alerts issued for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और उमस बढ़ने के बाद अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से आसमान पर काले बादलों का डेरा है और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने सुबह के समय बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 15 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बांग्लादेश तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई देगा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है।
इस मानसून सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मंगलवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बंकुरा और कनिंग होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
इसके अलावा उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 7.6 किलोमीटर तक विस्तारित ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग ने निम्न जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के कई अन्य जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के समय खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। वहीं किसानों को भी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।