

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Monsoon to pick up pace again starting today; rain expected over the next five days; lightning warnings issued for several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में करीब एक सप्ताह की धीमी गतिविधियों के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। अगले पांच दिनों तक खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 24 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। विभाग का कहना है कि मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर से दक्षिण असम तक सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पूर्व बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी हवाओं की द्रोणिका के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को राजधानी में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रारोड में ही रिकॉर्ड हुआ। वर्षा की बात करें तो अंबिकापुर में 30 मिमी और खरोरा में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव और जगदलपुर समेत कई प्रमुख शहरों में बारिश नहीं हुई।
मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।
उत्तर भारत में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 126 सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में बादल फटने के बाद कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत 18 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोग भी पहले से सतर्क नजर आ रहे हैं। राजधानी रायपुर में कई लोग अपने वाहनों पर बारिश से बचाव के विशेष इंतजाम करते दिखाई दिए। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगातार बनी रह सकती हैं।