

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Rain accompanied by thunderstorms is expected in Chhattisgarh today; the weather will change in Bastar and Sukma, followed by an increase in cold.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने के भी आसार हैं। खासकर बस्तर और सुकमा जिले में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। हालांकि, इसके बाद 21 से 25 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस अवधि के लिए बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। तापमान में इस बदलाव से सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगेगी। हालांकि, दिन के अधिकतम तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
राजधानी रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार, यह तापमान सामान्य से करीब 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, रायपुर में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा। इससे राजधानी में दिन के साथ-साथ रात में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी बनी हुई है।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री और दुर्ग में 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट होने से प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इससे जुड़ी द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। हालांकि, इस मौसमी सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश होने की संभावना नहीं जताई गई है।