

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Rainfall to increase in Chhattisgarh over the next two days; alert issued for heavy to very heavy rain in several districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को राजधानी रायपुर में दोपहर करीब 3 बजे के बाद अचानक तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि, मौसमी वर्षा अभी भी सामान्य से 6 प्रतिशत कम है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश के वितरण और तीव्रता में वृद्धि होने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
प्रदेश में गुरुवार को 34.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, दुर्ग में ही सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में 11 सितंबर को मौसम सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पखांजूर में सबसे अधिक 5 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेमी, जबकि बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में 2-2 सेमी बारिश हुई। राजधानी रायपुर में भी करीब 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में मानसूनी बारिश का वितरण फिलहाल सामान्य के आसपास है, लेकिन मौसमी वर्षा में 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने से इस कमी में कुछ सुधार की उम्मीद है।