

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Rain intensity subsides, humidity adds to discomfort; weather set to change again on this day.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ने के कारण बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। बारिश थमने के बाद कई इलाकों में धूप निकलने से दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है, जबकि बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, कई हिस्सों में हल्के से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मौसमी वर्षा फिलहाल सामान्य के आसपास है, लेकिन अब तक 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के आंकड़ों के अनुसार कुसमी (बलरामपुर) में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा कटेकल्याण (दंतेवाड़ा) में 3 सेमी, जबकि कुआकोंडा (दंतेवाड़ा) और नानगुर (बस्तर) में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं, वाड्रफनगर (बलरामपुर), गादीरास (सुकमा), अमलीपदर (गरियाबंद), बस्तर, बकावंड (बस्तर), पेंड्रा (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) और गंगालूर (बीजापुर) में 1-1 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी और उमस का असर कई क्षेत्रों में देखने को मिला।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है।
ऐसे में बुधवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और बारिश की गतिविधियां दोबारा तेज होने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में 8 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
फिलहाल राजधानी में बारिश के मुकाबले उमस का असर अधिक महसूस किया जा सकता है, हालांकि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना बनी हुई है।