

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Monsoon to slow down in Chhattisgarh; alert issued for rain and lightning in several areas.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के कई जिलों में जलभराव की स्थिति देखने को मिल रही है, वहीं नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। अगले दो दिनों तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
मौसमी सब-डिविजन के स्तर पर अब तक बारिश सामान्य से करीब 2 प्रतिशत कम रही है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राजधानी रायपुर में 4 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की भी संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सरगुजा और रायपुर संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हुई। इस दौरान जगदलपुर में सर्वाधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 3 सितंबर तक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र उसी क्षेत्र में सक्रिय बना हुआ है। इससे संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण भी मौजूद है। यह सिस्टम अगले 24 घंटों में दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर मध्य प्रदेश से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
इसके अलावा श्रीगंगानगर, रोहतक, फतेहगढ़, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से होकर डाल्टनगंज तथा दीघा होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक एक सिस्टम/द्रोणिका के प्रभाव की स्थिति बनी हुई है।
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश पोंडी बचरा में 14 सेंटीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके बाद कुसमी में 8 सेमी और दावरा कोचली में 6 सेमी बारिश हुई।
वहीं राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई। जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में 4-4 सेमी बारिश हुई।
अंबिकापुर, कोटाडोल, प्रतापपुर, गिधौरी तुंदरा, दरिमा, बेलगहना, सोनहत, बिल्हा, पामगढ़, खड़गवां, मस्तूरी, लटोरी, उदयपुर और रघुनाथ नगर में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बोदरी, बसना, लवन, शंकरगढ़, पटना, सकरी, चलगली, कुकदुर, कसडोल, पिथौरा, पचपेड़ी, बोदला और लखनपुर में 2-2 सेमी बारिश दर्ज हुई। प्रदेश के अधिकांश अन्य स्थानों पर इससे कम वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी, लेकिन 4 सितंबर से मानसून की रफ्तार में कुछ कमी आने की संभावना है। इसके बावजूद कुछ इलाकों में मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।