

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major revelation today in Surajpur double murder case; husband of a female friend taken into custody in connection with the murder of a teacher and her son.
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सरकारी स्कूल की शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को दूसरे राज्य से हिरासत में लिया है। आरोपी रजनी की सहेली का पति बताया जा रहा है। मामले की जांच में सूरजपुर पुलिस और अंबिकापुर साइबर सेल की संयुक्त टीम जुटी है। गुरुवार को पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई और वारदात की कड़ियों को समझने के लिए क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया।गुरुवार रात पुलिस आरोपी को अंबिकापुर के तेंदूपारा इलाके में भी लेकर पहुंची। यहां एक परिचित के घर से मोबाइल फोन समेत कुछ अन्य सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। सूरजपुर के एसपी योगेश पटेल के मुताबिक, शुक्रवार को पुलिस इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करेगी।
जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से जुड़ी ग्रामीण सड़क के किनारे एक युवक का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई।पुलिस को जांच के दौरान सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस देर रात उसके घर पहुंची, लेकिन मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था। सुजल की मां रजनी बरेठ का भी कोई पता नहीं चल रहा था।
रजनी का पता नहीं चलने पर बिश्रामपुर पुलिस ने उनके रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में घर का ताला खुलवाया गया। घर के भीतर बाथरूम में रजनी बरेठ (40) का शव मिला। इस तरह जांच के दौरान मां और बेटे, दोनों की हत्या का मामला सामने आया।रजनी बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थीं और हेडमास्टर का प्रभार भी संभाल रही थीं। करीब पांच साल पहले पति से तलाक होने के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रह रही थीं।
शुरुआत में पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण सूरजपुर एसपी ने अंबिकापुर एसपी से चर्चा की, जिसके बाद अंबिकापुर साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया।संयुक्त टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के मोबाइल फोन की लोकेशन की जांच की। इसी दौरान रजनी के स्कूल में कार्यरत एक अन्य महिला शिक्षिका के पति की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच आगे बढ़ने के बीच वह फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे दूसरे राज्य से हिरासत में लिया।
अब तक की जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले सुजल को घर से बुलाया और फिर अपनी गाड़ी से महावीरपुर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी रजनी बरेठ के घर पहुंचा और उनकी भी हत्या कर दी।गुरुवार को पुलिस ने आरोपी और उसकी शिक्षिका पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों और बरामद सामान की कड़ियों को जोड़ रही है।
सूरजपुर एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पुलिस आरोपी तक पहुंच गई है और उससे पूछताछ की जा रही है। उनके मुताबिक, शुक्रवार को दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा। इसके बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।