

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Rainfall activity to increase in Chhattisgarh from today; yellow alert issued for 27 districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 6 प्रतिशत कम रही। मौसम विभाग के अनुसार, 10 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है। कुछ इलाकों में तेज हवा भी चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।
पिछले 24 घंटों के दौरान पाली (कोरबा) में 4 सेमी, बेलगहना (बिलासपुर) में 3 सेमी तथा हरदीबाजार (कोरबा) और नेरहरपुर (कांकेर) में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा सकरी और कोटा (बिलासपुर), घुमका (राजनांदगांव), जशपुरनगर (जशपुर) और छिंदगढ़ (सुकमा) में 1-1 सेमी वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
इसके अलावा समुद्र तल पर मॉनसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
राजधानी रायपुर में 10 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश के साथ गरज-चमक और अंधड़ चल सकता है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, दो दिनों के बाद भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है।
मौसम विभाग ने 10 सितंबर 2026 को सुबह 7:15 बजे जिला स्तरीय नाउकास्ट जारी किया है, जो सुबह 10:15 बजे तक प्रभावी रहेगा। इसके अनुसार कई जिलों में हल्की आंधी के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में हल्की गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है।