

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Rainy spell to continue in Chhattisgarh for the next 5 days; moderate rainfall expected in northern and central districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में बदली और बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डालटेनगंज और कोण्टई से होकर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। यह प्रणाली लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके अलावा 23 डिग्री उत्तर अक्षांश पर उत्तर छत्तीसगढ़ से गुजरता पूर्व-पश्चिम शियर जोन 4.5 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है, जिससे प्रदेश में लगातार नमी बनी हुई है और बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह तेज धूप देखने को मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 24 जुलाई को शहर में आंशिक से घने बादल छा सकते हैं और कई इलाकों में बारिश हो सकती है। आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहेगा। इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने पर अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी।