

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Weather to change again in Chhattisgarh; heavy rain likely from tomorrow; 'Yellow Alert' for these districts.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां धीमी पड़ने के साथ तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे दिनभर उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत दिए हैं। 19 सितंबर से बारिश की रफ्तार तेज होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार यानी 19 सितंबर के आसपास प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौजूदा मौसमी सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य रही, हालांकि इसमें करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में 18 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। गुरुवार की तुलना में रायपुर के अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं। इसके बाद 19 सितंबर के आसपास बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके बाद इसके धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं।
इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर शामिल हैं।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।