

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

‘Yuva Utsav 5.0’ organized in Raipur; youth shared ideas on innovation and entrepreneurship.
रायपुर। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की युवा इकाई यंग इंडियंस (Yi) की ओर से रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में एक दिवसीय वार्षिक फ्लैगशिप सम्मेलन ‘युवा उत्सव 5.0’ का आयोजन किया गया। ‘वन भारत स्पिरिट’ (One Bharat Spirit) की थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, यूनिकॉर्न संस्थापकों, उद्योगपतियों, निवेशकों और 2000 से अधिक छात्र-छात्राओं व युवाओं ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन के विशेष समापन सत्र में उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ऊर्जा और आधुनिक तकनीक का समन्वय समाज की जटिल समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी उभरती तकनीकों को अपनाने और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर स्थापित करने में योगदान देने का आह्वान किया।
अतिथियों का स्वागत करते हुए CII छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक बजरंग गोयल ने कहा कि औद्योगिक प्रतिस्पर्धा के दौर में युवाओं को उद्योग की वास्तविक जरूरतों और चुनौतियों से जोड़ना आवश्यक है।
वहीं, Yi रायपुर के चेयरमैन एवं रामा टीएमटी के निदेशक पंकज सोमानी ने सम्मेलन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘वी कैन, वी विल’ के संकल्प के साथ आयोजन का उद्देश्य युवाओं को पूंजी निवेश, AI और सफल उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है।
सम्मेलन के पहले सत्र ‘द यंग कैपिटलिस्ट’ में विस्टेरिया मीडिया की संस्थापक सुऐश्वर्या गोयल, जिनकुशल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एमडी एवं सीईओ अभिनव जैन और फिनएवेन्यू के फंड मैनेजर अभिषेक जायसवाल ने युवाओं को पूंजी प्रबंधन और व्यापार विस्तार से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इसके बाद प्रेरक वक्ता राहुल कपूर ने नेतृत्व क्षमता और प्रभावी नेतृत्व से जुड़े पहलुओं पर युवाओं के साथ संवाद किया।
दोपहर के सत्र में AI Realm Technologies के संस्थापक राउल जॉन अजू ने ‘फ्यूचर ऑफ AI’ विषय पर चर्चा की। उन्होंने AI के बदलते स्वरूप और भविष्य में इसके संभावित प्रभावों से जुड़े पहलुओं पर विचार साझा किए।
इसके बाद ‘यूनिकॉर्न माइंडसेट’ सत्र में डॉ. वैद्यज के संस्थापक अर्जुन वैद्य, ज़ोक्सोडे के सह-संस्थापक कुशल अग्रवाल और इंडो एरा की सह-संस्थापक एवं सीईओ सुसृष्टि तनवानी ने स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने और विस्तार देने से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
समापन चरण में Yi रायपुर के को-चेयर एवं पासरी रिफ्रैक्टरीज के निदेशक कवित पसारी ने दिनभर चले विभिन्न सत्रों और विचार-विमर्श का सार प्रस्तुत किया। इसके बाद Yi Yuva Vertical के को-चेयर आदित्य अग्रवाल ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन दिया।
सम्मेलन के अंतिम चरण में सहयोगी संस्थाओं का सम्मान किया गया। इसके बाद ऊर्जावान म्यूजिकल बैंड प्रस्तुति के साथ ‘युवा उत्सव 5.0’ का समापन हुआ।