

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Three girls drowned in a pond in Korba; Indu, Rakhi, and Sadhana lost their lives. The three friends had gone there to bathe.
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसा सामने आया है। तालाब में नहाने गईं तीन बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।
जानकारी के मुताबिक, घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। उनके परिजन काम पर चले गए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां नहाने के लिए तालाब पहुंचीं। नहाने के दौरान वे तालाब के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं।
काफी देर तक बच्चियों के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान परिजन और ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे। वहां बच्चियों के कपड़े और चप्पल किनारे पर मिले। इसी बीच तालाब में एक बच्ची का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों को आशंका हुई कि तीनों बच्चियां तालाब में डूब गई हैं।
ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की और पुलिस को भी घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए।
तीनों बच्चियों के शव मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब तीनों बच्चियां तालाब में नहाने पहुंचीं, उस समय वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। कुछ समय बाद एक ग्रामीण ने तालाब में शव तैरता देखा, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत डूबने से होने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।