

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Infrastructure Mission: A comprehensive action plan will be formulated for the state's long-term infrastructure development.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास को नई गति देने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मजबूत एवं एकीकृत व्यवस्था तैयार करने के लिए छत्तीसगढ़ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस संबंध में आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। मिशन के लिए लोक निर्माण विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
बैठक में प्रदेश की सड़क, ऊर्जा, ट्रांसमिशन, जल, सिंचाई, संचार, फाइबर नेटवर्क समेत अन्य प्रमुख अधोसंरचना के समग्र विकास पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने प्रदेश के रोड नेटवर्क के लिए आगामी 20 वर्षों का मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

मास्टर प्लान में मौजूदा अधोसंरचना की स्थिति, भविष्य की जरूरतों, कनेक्टिविटी की आवश्यकताओं और संभावित विकास क्षेत्रों का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर परियोजनाओं की प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध क्रियान्वयन की कार्ययोजना बनाई जाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के अधोसंरचना विकास को केवल सड़क निर्माण तक सीमित न रखते हुए ऊर्जा, जल, सिंचाई, संचार और डिजिटल कनेक्टिविटी को भी एकीकृत दृष्टिकोण से देखा जाए। प्रत्येक क्षेत्र की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों का आकलन कर यह तय किया जाएगा कि आने वाले वर्षों में किस प्रकार की अधोसंरचना और किन क्षेत्रों में विकसित की जानी है।
बैठक में प्रदेश में इंटरमॉडल ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सड़क और रेल सहित विभिन्न परिवहन माध्यमों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी विकसित करने के लिए आवश्यक परियोजनाओं की पहचान करने के निर्देश दिए। इससे माल परिवहन और लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए नए फंडिंग मैकेनिज्म की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा। निजी और सार्वजनिक निवेश समेत विभिन्न वित्तीय विकल्पों का परीक्षण कर परियोजनाओं के लिए उपयुक्त वित्तीय व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया।
दीर्घकालिक योजना के साथ हर साल के लिए वार्षिक एक्शन प्लान भी तैयार किया जाएगा। इसमें प्रस्तावित कार्यों, उनकी प्राथमिकता, आवश्यक संसाधनों और समय-सीमा का स्पष्ट निर्धारण होगा। मुख्य सचिव ने परियोजनाओं की बेहतर प्लानिंग और मैपिंग के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को देश के अन्य राज्यों में विकसित की जा रही आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं का अध्ययन करने के लिए एक्सपोजर विजिट कराने के निर्देश भी दिए गए। इसका उद्देश्य बेहतर तकनीकों और कार्यप्रणालियों को छत्तीसगढ़ की जरूरतों के अनुरूप अपनाना है।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मिशन के कार्यों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर, लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।