

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CGPSC recruitment scam: Accused Utkarsh Chandrakar's anticipatory bail plea rejected
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर को बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी गतिविधियां मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। मामले की सुनवाई जस्टिस बिभु दत्त गुरु की सिंगल बेंच में हुई।
सीबीआई कर रही भर्ती घोटाले की जांच
CGPSC भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा की जा रही है। रायपुर के शांति नगर निवासी उत्कर्ष चंद्राकर के खिलाफ गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी चयन दिलाने के बदले अभ्यर्थियों से 50 से 60 लाख रुपये तक की मांग करता था।
रिजॉर्ट और होटल में करवाई गई थी तैयारी
सीबीआई जांच में सामने आया है कि परीक्षा से पहले कई उम्मीदवारों को रायपुर के सिद्धि विनायक पैलेस, बारनवापारा रिजॉर्ट और होटल वेंकटेश इंटरनेशनल में ठहराया गया था। आरोप है कि 12 फरवरी 2022 को प्रारंभिक परीक्षा से एक दिन पहले उत्कर्ष चंद्राकर ने लगभग 30 से 35 उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र और उसके उत्तर उपलब्ध कराए थे।
मोबाइल से मंगवाए जाते थे प्रश्नपत्र
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के जरिए प्रश्नपत्र मंगवाए जाते थे। इसके बाद रिजॉर्ट में ठहरे उम्मीदवारों को प्रश्नों के उत्तर याद करवाए जाते थे। मामले की प्रमुख गवाह सुषमा अग्रवाल ने धारा 164 के तहत दिए बयान में बताया कि उत्कर्ष ने उससे 25 लाख रुपये लिए थे।
बस से ले जाए गए थे उम्मीदवार
सीबीआई के अनुसार, 8 मई 2022 को बुक की गई एक बस के जरिए उम्मीदवारों को बारनवापारा रिजॉर्ट ले जाया गया था, जहां कथित रूप से लीक प्रश्नपत्रों के आधार पर मुख्य परीक्षा की तैयारी करवाई गई।
2020 से 2022 तक की भर्ती प्रक्रिया जांच के घेरे में
पूरा मामला वर्ष 2020 से 2022 के बीच हुई भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि आयोग की परीक्षा और इंटरव्यू प्रक्रिया में पारदर्शिता को नजरअंदाज कर राजनीतिक और प्रशासनिक प्रभाव वाले परिवारों के उम्मीदवारों को उच्च पदों पर चयनित किया गया। प्रदेश सरकार द्वारा मामला सीबीआई को सौंपे जाने के बाद जांच एजेंसी ने कई स्थानों पर छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
CGPSC 2021 भर्ती परीक्षा का पूरा मामला
CGPSC 2021 भर्ती परीक्षा के तहत 171 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। 13 फरवरी 2022 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में 2,565 अभ्यर्थी सफल हुए थे। इसके बाद 26, 27, 28 और 29 मई 2022 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 509 उम्मीदवार पास हुए। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी की गई थी।