

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CJP Protest: Meeting between the government and CJP at 12:30 PM today; nationwide protests announced.
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन शुक्रवार को 35वें दिन भी जारी है। इस बीच केंद्र सरकार और CJP के बीच गतिरोध खत्म करने के लिए आज दोपहर 12:30 बजे संविधान क्लब ऑफ इंडिया में अहम बैठक होने जा रही है। वार्ता से पहले CJP ने स्पष्ट कर दिया है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उसकी गैर-समझौतावादी मांग है।
सरकार की ओर से बातचीत का आश्वासन मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों से जारी अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। हालांकि CJP ने साफ किया है कि जंतर-मंतर पर धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी प्रमुख मांग पूरी नहीं होती।
सरकार के साथ वार्ता के समानांतर CJP ने शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन का भी आह्वान किया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर सुबह से सैकड़ों छात्र शांतिपूर्ण धरने पर बैठे रहे, जबकि जयपुर समेत कई शहरों में समर्थक प्रदर्शन के लिए जुटने लगे हैं।
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि पार्टी की मांग पर बातचीत के लिए संविधान क्लब ऑफ इंडिया को न्यूट्रल वेन्यू के रूप में चुना गया है। इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने CJP प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। सरकार का कहना था कि उसने चार बार बातचीत का प्रस्ताव दिया, लेकिन CJP शामिल नहीं हुई। वहीं CJP का कहना था कि वह किसी मंत्री के आवास पर नहीं, बल्कि निष्पक्ष स्थान पर बातचीत चाहती थी।
CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने दोहराया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने से राहत मिली है, लेकिन जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक पार्टी की मुख्य मांग पूरी नहीं होती।
प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने लगातार तीसरे दिन 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। सुबह 7:30 बजे से अगली सूचना तक लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान स्टेशन बंद रहेंगे।
सरकार और CJP के बीच होने वाली आज की बैठक को आंदोलन के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। यदि बातचीत में सहमति नहीं बनती है, तो देशभर में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।