

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Sai writes to Mamata Banerjee for insulting the President, appeals for an apology
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ममता बनर्जी को पत्र लिखकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ कथित प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र में इस घटना को दुखद और अक्षम्य बताते हुए ममता बनर्जी से राष्ट्रपति और देश से माफी मांगने की अपील की है।
मुख्यमंत्री साय ने पत्र में लिखा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपराएं और शिष्टाचार देश की पहचान रहे हैं, लेकिन हाल ही में राष्ट्रपति के साथ जो व्यवहार हुआ वह इन परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस से ठीक पहले हुआ यह व्यवहार न केवल देश की महिला राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि आदिवासी समाज और मातृशक्ति की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान राज्य सरकार की ओर से अपेक्षित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी राज्य सरकार के खिलाफ राष्ट्रपति को सार्वजनिक रूप से अपनी पीड़ा व्यक्त करनी पड़े, यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में संदेशखाली प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पहले भी जनजातीय समाज की महिलाओं से जुड़े मामलों को लेकर चिंता जताई गई थी, लेकिन उस पर संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पश्चिम बंगाल के दौरे पर गई थीं, जहां उन्होंने संथाली समाज के एक सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से स्वागत और प्रोटोकॉल को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इस मुद्दे पर नरेंद्र मोदी ने भी ममता बनर्जी पर निशाना साधा था।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र के अंत में ममता बनर्जी से आग्रह किया है कि वे राष्ट्रपति और देश से माफी मांगते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बनाए रखने का भरोसा दें।