

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bihar News: The 'Nishant era' begins in JDU, Nitish Kumar's son joins the party
पटना। बिहार की राजनीति में रविवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके साथ ही जदयू में नई पीढ़ी की राजनीतिक एंट्री के रूप में इसे ‘निशांत युग’ की शुरुआत माना जा रहा है।
जदयू नेताओं की मौजूदगी में ग्रहण की सदस्यता
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई। वहीं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान निशांत ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में जदयू के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे, हालांकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
कार्यकर्ताओं को दिया भरोसा
सदस्यता लेने के बाद अपने संक्षिप्त संबोधन में निशांत कुमार ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि एक सक्रिय सदस्य के रूप में संगठन के साथ मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।
पिता पर विश्वास बनाए रखने की अपील
निशांत ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार पर अपना विश्वास बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पिता का राज्यसभा जाने का फैसला उनका व्यक्तिगत निर्णय था और वह इस निर्णय का सम्मान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने पिता के मार्गदर्शन में ही आगे काम करेंगे।
शिक्षा और पृष्ठभूमि
20 जुलाई 1975 को पटना में जन्मे निशांत कुमार अपनी सादगी और सीधे स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। उनकी स्कूली शिक्षा पटना के सेंट कैरेंस स्कूल और बाद में मसूरी के एक बोर्डिंग स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने Birla Institute of Technology Mesra से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की।