

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CM Vishnu Deo Sai extends greetings on Chhattisgarh Foundation Day
रायपुर। छत्तीसगढ़ 1 नवंबर को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए गौरव का अवसर है। यह दिन प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने और भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है।
मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ। पृथक राज्य के गठन से प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अटल जी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है।
लाल आतंक से मुक्ति के बाद ऐतिहासिक राज्योत्सव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह पहला राज्योत्सव है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों को दिया।
उन्होंने कहा कि इस सफलता में सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का अविस्मरणीय योगदान है। प्रदेश हमेशा उनके योगदान को कृतज्ञतापूर्वक याद करेगा।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ के हर गांव में खुशहाली लाना, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति के सामर्थ्य के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर वर्ष 2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें और इसे साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।