

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Came to celebrate Dussehra, but joy turned to mourning; 4 people drown in Ren River
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर में रेण नदी के ढोघट घाट पर डूबने से चार लोगों की मौत ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। रविवार को मृतकों के स्वजन बिहार के कटिहार से पहुंचे तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चीख-पुकार मच गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिए। दो सगे भाइयों के शव अंतिम संस्कार के लिए बनारस ले जाए गए, जबकि पिता-पुत्र के शव गाजीपुर ले जाए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है।
यह हादसा शनिवार सुबह सरस्वतीपुर के कोन्हाखार के पास रेण नदी के ढोघट घाट पर हुआ था, जिसमें स्नान करने उतरे 45 वर्षीय विवेक कुमार सिंह, 20 वर्षीय उनके पुत्र अभिजीत सिंह और जितेंद्र सिंह के दोनों पुत्र 13 वर्षीय गोपाल कृष्ण और 14 वर्षीय कृष्ण गोपाल नदी के गहरे पानी में डूब गए थे। बताया जा रहा है, कि दोनों किशोरों के पिता जितेंद्र सिंह सेना के पूर्व जवान हैं। अपने दोनों बेटों को एक साथ खोने से जितेंद्र सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आपको बता दें, कि सूरजपुर क्षेत्र के चंदरपुर में नेहा सिंह ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। वह अपने पुत्र अभिजीत के साथ यहां रहती हैं। दशहरा मनाने के लिए उनके पति विवेक सिंह, नेहा के माता-पिता और बहन के दोनों बेटे बिहार के कटिहार जिले से आए थे। शनिवार को सभी को लौटना था, लेकिन इससे पहले विवेक सिंह स्कूटी से पंपापुर स्थित महामाया मंदिर गए। वहां से उन्होंने अपने पुत्र अभिजीत और अपने साढ़ू जितेंद्र सिंह के दोनों बेटों को कोन्हाखार स्थित रेण नदी घाट पर बुलाया। चारों स्नान करने नदी में उतरे, जहां गहराई में जाने से वे डूब गए और उनकी मौत हो गई।