

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Case of another fraudulent appointment registered against BJP leader already in jail.
तेलीबांधा थाने में दर्ज बीज निगम में नियुक्ति का फर्जी आदेश जारी करके धोखाधड़ी करने के केस में बलौदाबाजार भाजपा के निष्कासित महामंत्री कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया है। आरोपी अपने बेटे प्रणव अवस्थी के साथ इन दिनों बलौदाबाजार जेल में बंद है। दोनों को पलारी पुलिस ने कुछ दिनों पहले दो लाख रुपए लेकर स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ एक कर्मचारी को सीएमएचओ के फर्जी दस्तखत वाला ट्रांसफर ऑडर देने के मामले में गिरफ्तार किया था। अब बीज निगम में नियुक्ति वाला फर्जी आदेश जारी करने के मामले में भी आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी हो रही है।
तेलीबांधा पुलिस ने छत्तीसगढ़ बीज निगम के अधिकारी विजय कुमार वर्मा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक राज्य बीज निगम एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कसडोल के हेमंत साहू पिता रामगोपाल साहू के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। पुलिस ने सरकारी नौकरी के लिए आरोपी को दो लाख रुपए देने वाले हेमंत साहू को गवाह बनाया है।
इसी गवाह के नाम पर बीज निगम में फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किया गया था। पुलिस ने बताया, कि गवाह ने पूछताछ में आरोपी कृष्णा अवस्थी पिता कुंजराम अवस्थी 53 वर्ष पता ग्राम रिसदा थाना पलारी द्वारा फर्जी नियुक्ति पत्र जारी करने की जानकारी दी है। आरोपी अभी पलारी थाने में दर्ज आपराध क्रमांक 374/2026 धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2), 3(5) बीएनएस के मामले में जेल में बंद है।