

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Son-in-law murders father-in-law over property dispute; crime revealed after body found in car.
धरसींवा थाना क्षेत्र के परसतराई में गाड़ी में मिली लाश की शिनाख्त हो गई है। मृतका की पहचान पठारीडीह निवासी मोहन निषाद के रूप में हुई है। हत्या का आरोपी मृतक का ही बड़ा दामाद है, जिसका नाम हेमराज उर्फ भूरी निषाद बताया जा रहा है। हत्या का कारण संपत्ति विवाद का होना बताया जा रहा है।
दरअसल, गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान यात्री गाड़ी टाटा मैजिक के चालक ने देखा, कि पुलिस गाड़ियों को रोक कर जांच कर रही है। इसके बाद वह गाड़ी को बैक कर परसतराई गांव जाने वाले मार्ग की ओर ले गया। मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को बैक कर ले जाते देख हाथ दिखाकर ड्राइवर को गाड़ी रोकने का इशारा किया। तब ड्राइवर गाड़ी लेकर भागने लगा, इस पर पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया। पुलिस को आते देख आरोपी गाड़ी को गांव की एक गली के पास छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर खेत के रास्ते फरार हो गए। पुलिस द्वारा गाड़ी की जांच करने पर गाड़ी के अंदर सफेद चादर में लिपटी एक लाश मिली। पुलिस के मुताबिक इस हत्या में तीन से चार लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम रवाना कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मोहन निषाद घर में अकेला रहता था। कुछ महीने पहले उसने अपनी जमीन बेचकर तीनों दामादों के बीच रकम का बंटवारा करने के साथ उनके व्यावसायिक उपयोग के लिए ऑटो एवं अन्य सामान खरीदकर दिया था। बंटवारे से नाखुश बड़े दामाद का अपने ससुर के साथ विवाद हो गया। इसके बाद उसने अपने ससुर की हत्या करने की योजना बनाई। योजना के अनुसार आरोपी दामाद भूरी निषाद ने अपने अन्य दोस्तों के साथ मिलकर पहले अपने ससुर के घर पहुंचकर शराब पार्टी की और मछली बनाई। जब मृतक मोहन निषाद नशे में चूर हो गया, तो आरोपी दामाद भूरी ने जीआई तार से गला घोंटकर अपने ससुर की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह पार्टी में शामिल अपने एक अन्य दोस्त के द्वारा गाड़ी बुक कर लाश ठिकाने लगाने ले जा रहा था, इसी दौरान वह पुलिस की नजर में आ गया।