

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

‘Yuva Udaan’ program organized in Narayanpur; meritorious students and national-level athletes felicitated.
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से नारायणपुर के ए.जी. ऑडिटोरियम में ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों, दिव्यांगजनों, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थियों और आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य गठन के रजत जयंती वर्ष में प्रदेश की युवा शक्ति ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों, राष्ट्रीय खिलाड़ियों और कौशल विकास से जुड़ रहे युवाओं की सक्रिय भागीदारी प्रदेश की प्रगति को नई दिशा दे रही है। राज्य सरकार युवाओं के हुनर, शिक्षा और खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकें।
राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल किताबी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपने हुनर, कौशल, जिज्ञासा और रचनात्मकता को लगातार विकसित करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सही दिशा और उचित मंच उपलब्ध कराना ही ‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होगी। उन्होंने युवाओं को पंजीयन के लिए युवा आयोग की वेबसाइट तथा क्यूआर कोड/गूगल फॉर्म की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के बौद्धिक सत्र में विशेषज्ञों ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
डॉ. मीनाक्षी ठाकुर ने ‘युवा शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ विषय पर विकसित भारत 2047, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया में युवाओं की निर्णायक भूमिका पर प्रकाश डाला।
डॉ. विश्वजीत ने विद्यार्थियों को विषय के संवैधानिक और व्यावहारिक पहलुओं को सरल भाषा में समझाया तथा ‘एक देश-एक चुनाव’ की महत्ता पर जानकारी दी।
वहीं डॉ. सतीश पाण्डेय ने प्रेरक कहानियों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक सोच रखने और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं में 94.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा भाविका देवांगन को सम्मानित किया गया। वहीं 94 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कोविता कोर्राम को भी सम्मानित किया गया।

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के मलखंभ विजेता संताय पोटाई और मोनिका पोटाई को सम्मान मिला।
इसके अलावा खेलो इंडिया फुटबॉल के उपविजेता शशिकांत कुमेटी और मनीष कोवाची, ऑल इंडिया खो-खो क्वालीफायर अमृता गोटा, नेशनल स्कूल गेम्स खो-खो विजेता शामुएल कल्लो और किशोर कावड़ो तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी दिव्या कांगे को भी खेल पुरस्कार से नवाजा गया।
‘युवा उड़ान’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं को शिक्षा और खेल के साथ-साथ कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, नए कौशल सीखने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और युवा उपस्थित रहे।