

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Census 2027: You will now be able to provide your family's information yourself from the comfort of your home; the self-enumeration facility will begin on January 10.
रायपुर। जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अब लोगों को जनगणना कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के नागरिक 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक घर बैठे ऑनलाइन अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस व्यवस्था के तहत लोग खुद ही परिवार से जुड़ी जरूरी जानकारियां ऑनलाइन भर सकेंगे।
स्वगणना की सुविधा के तहत नागरिकों को निर्धारित अवधि में ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज करना होगा। इसमें परिवार के सदस्यों से जुड़ी विभिन्न जानकारियां मांगी जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया को आसान बनाना और लोगों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर देना है। इससे कर्मचारियों के घर पहुंचने से पहले ही परिवार का प्रारंभिक विवरण उपलब्ध हो सकेगा।
ऑनलाइन स्वगणना करने के बाद भी नागरिकों को जनगणना कर्मचारियों के सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। वे ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारियों का मिलान करेंगे और जरूरत पड़ने पर आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे। यानी केवल ऑनलाइन फॉर्म भरने से जनगणना की प्रक्रिया पूरी नहीं मानी जाएगी।
जनगणना के दूसरे चरण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मास्टर ट्रेनर अलग-अलग जिलों में पहुंचकर प्रगणकों और संबंधित कर्मचारियों को फील्ड में काम करने की प्रक्रिया समझा रहे हैं। उन्हें घर-घर जाकर जानकारी जुटाने, विवरण दर्ज करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार काम करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जनगणना के दूसरे चरण के लिए केंद्र सरकार ने 40 सवालों की प्रश्नावली निर्धारित की है। इसमें परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़ी अलग-अलग जानकारियां दर्ज की जाएंगी। प्रगणक इन सवालों के आधार पर परिवार का पूरा विवरण जुटाएंगे। इसके लिए कर्मचारियों को प्रश्नावली और जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है।
जनगणना 2027 के तहत नागरिकों को पहले स्वगणना के माध्यम से ऑनलाइन जानकारी देने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर उसका सत्यापन करेंगे। प्रशासन का जोर इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू ढंग से पूरा करने पर है।