

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

When female journalists grabbed PM Modi by the throat and said, 'You are becoming Chief Minister give us some sweets!'
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान अपने राजनीतिक सफर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 में गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर कुछ महिला पत्रकारों को पहले ही मिल गई थी। पत्रकारों का एक समूह उनके कमरे में पहुंचा और उनसे मिठाई खिलाने की मांग करने लगा। मोदी के मुताबिक, महिला पत्रकारों ने उनका गला पकड़ते हुए कहा था कि वे गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, इसलिए मिठाई खिलानी पड़ेगी।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सरकार प्रमुख के रूप में अपने 25 साल के सफर का जिक्र किया। इसी दौरान उन्होंने वर्ष 2001 की घटना को याद किया।मोदी ने बताया कि उस समय पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को ही उनके गुजरात के मुख्यमंत्री बनने की जानकारी थी। लेकिन पत्रकारों के एक समूह तक यह खबर पहले ही पहुंच गई थी। एक दिन महिला पत्रकारों का दल अचानक उनके कमरे में आ गया। उन्होंने मिठाई की मांग करते हुए कहा कि मोदी मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।प्रधानमंत्री ने बताया कि जब उन्होंने पत्रकारों से पूछा कि मिठाई किस बात की, तो जवाब मिला कि उन्हें गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। मोदी ने कहा कि उन्होंने इस खबर की जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन पत्रकारों को भरोसा था कि वे सच जानते हैं। बाद में उनकी बात सही साबित हुई।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में मीडिया की बदलती कार्यशैली और तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पहले किसी बड़ी खबर को कवर करने के लिए मीडिया संस्थानों को ओबी वैन की व्यवस्था करनी पड़ती थी, लेकिन अब मोबाइल फोन ही रिपोर्टिंग का बड़ा माध्यम बन गया है।आज हर व्यक्ति के पास अपना मंच, चैनल और पॉडकास्ट है। मोदी ने इसी बदलाव पर हल्के अंदाज में कहा कि पहले गली-गली में क्रिकेट के जानकार मिलते थे, लेकिन अब हर गली में हर खबर पर विशेषज्ञ मौजूद हैं। उन्होंने 'जितने मुंह, उतनी बातें' कहकर इस स्थिति पर चुटकी भी ली।
प्रधानमंत्री ने मीडिया के बदलते स्वरूप से पैदा हुई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक ने पत्रकारिता के कई काम आसान किए हैं, लेकिन इसके साथ नई जिम्मेदारियां भी आई हैं। हर व्यक्ति के पास अपनी बात रखने का मंच होने से विचारों की विविधता बढ़ी है।उन्होंने अलग-अलग मतों और विचारों को लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, विचारों की यह विविधता सार्वजनिक विमर्श को जीवंत बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है।