

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chamoli tunnel accident: Body of another worker recovered from the debris; death toll rises to 8.
गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले में अलकनंदा नदी पर सियासैंण हाट में निर्माणाधीन टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की रेस टेल सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। शनिवार को सुरंग में भरे मलबे से एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के दहीकोंगा निवासी देवनाथ के रूप में हुई है। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
भूस्खलन के बाद सुरंग में पानी और मलबा भर जाने से दो श्रमिक अभी भी लापता हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार उन्हें खोजने में जुटा हुआ है। सुरंग के भीतर जमा पानी निकालने के लिए सक्शन पंप समेत कई आधुनिक उपकरणों की मदद ली जा रही है।
हादसे के समय सुरंग के भीतर कुल 28 श्रमिक काम कर रहे थे। इनमें से 12 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि छह श्रमिक किसी तरह खुद सुरंग से बाहर निकलने में सफल रहे। अब तक आठ श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को सुरंग के भीतर केविटी गिरने के बाद अचानक पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा अंदर भरने लगा। इसके चलते कई श्रमिक सुरंग में फंस गए। घटना के बाद से ही बचाव दल लगातार मलबा हटाने और पानी निकालने में जुटा है।
हादसे के बाद परियोजना प्रबंधन ने मृत श्रमिकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं, लापता श्रमिकों की तलाश के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है।
सुरंग में पानी और मलबे की बड़ी मात्रा मौजूद होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। टीम सक्शन पंप और अन्य उपकरणों के जरिए पानी निकालने के साथ-साथ मलबा हटाकर लापता श्रमिकों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।