

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Horrific road accident in Maharashtra: SUV traveling from Raipur to Nagpur collides with a truck; 8 dead.
भंडारा। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच रायपुर से नागपुर जा रही एक SUV की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि SUV में सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, SUV में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर उनकी गाड़ी की एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि SUV ट्रक में फंस गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने SUV में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। गाड़ी को ट्रक से अलग करने और बाहर निकालने के लिए दो JCB मशीनों की मदद लेनी पड़ी।
पुलिस के मुताबिक, इस भीषण दुर्घटना में तीन बच्चों समेत कुल आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल तीन लोगों को तत्काल उपचार के लिए साकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।