

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Tragic road accident in Korba: Two youths on a motorcycle died after being struck by a trailer; villagers staged a road blockade.
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बांकीमोंगरा के चांदनी चौक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने दोनों युवकों के शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि चांदनी चौक के पास वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण हादसे का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने चांदनी चौक पर स्पीड ब्रेकर लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए गए। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।