

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Four-storey 'Kohinoor' building collapses in Bhiwandi; 9 dead, many feared trapped under the debris.
मुंबई। मुंबई के पास महाराष्ट्र के भिवंडी इलाके में बीते गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया, जब 'कोहिनूर' नाम की चार मंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत ढहते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), भिवंडी पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
एनडीआरएफ के अनुसार, हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, मलबे के नीचे कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। बचाव दल पोकलेन मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से तेजी से मलबा हटाने में जुटा है, ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
स्थानीय लोगों का दावा है कि यह पुरानी इमारत पिछले कुछ दिनों से मरम्मत के दौर से गुजर रही थी। आरोप है कि मरम्मत कार्य के दौरान ठेकेदार और मजदूरों ने इमारत के तीन पिलर तोड़ दिए थे। इससे इमारत की नींव कमजोर हो गई और आखिरकार पूरी इमारत ढह गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरने से ठीक पहले तेज आवाज और हलचल महसूस हुई थी। खतरे का अंदेशा होते ही अधिकांश निवासी तुरंत बाहर निकल आए, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। हालांकि, पहली मंजिल पर रहने वाले कुछ लोग और मरम्मत कार्य में लगे मजदूर समय पर बाहर नहीं निकल सके और उनके मलबे में फंसे होने की आशंका है।
जिला प्रशासन और आपातकालीन एजेंसियां लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने आसपास के लोगों से घटनास्थल से दूर रहने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।