

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chaos erupts at VIP Road's 'Red Room Techno Party'; police cancel event
रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी रोड एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। यहां एक क्लब में प्रस्तावित ‘रेड रूम टेक्नो पार्टी’ को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। सोशल मीडिया पर पार्टी के पोस्टर और प्रमोशनल वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आखिरकार प्रस्तावित आयोजन को निरस्त कर दिया गया।
पोस्टर और वीडियो ने बढ़ाया विवाद
इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस पार्टी को हाई प्रोफाइल अंदाज में प्रमोट किया जा रहा था। वायरल वीडियो में तेज म्यूजिक, शराब, धुआं, डांस और ग्लैमरस माहौल दिखाकर युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश की गई। वीडियो में कम उम्र की लड़कियों जैसे दिखने वाले चेहरों के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठे।इसी के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे ‘रेव पार्टी कल्चर’ को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।
8 हजार से 40 हजार तक टिकट, VIP एंट्री पर भी सवाल
पार्टी के प्रचार में अलग-अलग श्रेणी के टिकटों की जानकारी भी सामने आई। बताया गया कि एंट्री टिकट 8 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक रखे गए थे। इतना ही नहीं, कलाकारों से मिलने के लिए अलग शुल्क तय किए जाने की चर्चा भी रही।इसी वजह से आयोजन की पारदर्शिता और असली उद्देश्य को लेकर सवाल खड़े होने लगे।
बजरंग दल समेत कई संगठनों ने जताया विरोध
मामला बढ़ने के बाद बजरंग दल समेत कई सामाजिक संगठनों ने कार्यक्रम पर कड़ी आपत्ति जताई। बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सिंह सैनी ने कहा कि इस तरह के आयोजन भारतीय संस्कृति के खिलाफ हैं और युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का काम करते हैं।संगठनों ने प्रशासन से कार्यक्रम पर तत्काल रोक लगाने और आयोजकों पर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने लिया संज्ञान, आयोजन कराया रद्द
विवाद बढ़ने के बाद रायपुर पुलिस ने क्लब संचालकों से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने आयोजन की अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य पहलुओं की जांच शुरू की।एडीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और प्रस्तावित पार्टी को निरस्त करा दिया गया। आयोजकों से पूछताछ की जा रही है और संबंधित कैफे व क्लबों को भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।पुलिस ने साफ कहा है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के आकस्मिक आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।
पहले भी विवादों में रह चुका है ऐसा आयोजन
गौरतलब है कि इससे पहले भी रायपुर में ‘स्ट्रेंजर मीटअप’ जैसे आयोजनों को लेकर विवाद हो चुका है। उस समय भी सोशल मीडिया प्रचार के बाद विरोध बढ़ा था और पुलिस को हस्तक्षेप कर कार्यक्रम रद्द कराना पड़ा था।अब ‘रेड रूम टेक्नो पार्टी’ विवाद ने एक बार फिर राजधानी में क्लब कल्चर, रेव पार्टी और सोशल मीडिया प्रमोशन को लेकर बहस छेड़ दी है।