

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur Bar Election 2026: District Bar elections today, 3244 advocates will choose their leadership… voting will be held at 30 booths
रायपुर। जिला अधिवक्ता संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव को लेकर शुक्रवार को न्यायालय परिसर में मतदान होगा। वर्ष 2026-28 के द्विवार्षिक कार्यकाल के लिए होने जा रहे इस चुनाव में अधिवक्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी, जिसके लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
30 बूथों पर एक साथ वोटिंग की व्यवस्था
जिला अधिवक्ता संघ चुनाव के लिए न्यायालय परिसर स्थित एडीआर बिल्डिंग की पार्किंग में 30 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार भीड़ प्रबंधन और सुचारू मतदान के लिए विशेष ‘टी’ आकार का पार्टीशन तैयार किया गया है, ताकि एक साथ 30 अधिवक्ता आसानी से मतदान कर सकें।मुख्य निर्वाचन अधिकारी राम नारायण व्यास और सहायक निर्वाचन अधिकारी दीपक दीवान ने बताया कि मतदाताओं की सूची के अनुसार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया तेज और व्यवस्थित रहे।
रंगीन मतपत्रों से होगा चुनाव, भ्रम से बचाने नई व्यवस्था
इस बार चुनाव में अलग-अलग पदों के लिए अलग रंग के मतपत्र उपयोग किए जाएंगे। नीले, सफेद, पीले और गुलाबी रंग के बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी या भ्रम का सामना न करना पड़े।चुनाव में कुल 16 पदों के लिए 65 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा नजर अध्यक्ष पद की लड़ाई पर टिकी हुई है, जहां त्रिकोणीय मुकाबले ने चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
पहली बार बना सेल्फी जोन, वोटिंग के बाद फोटो का क्रेज
अधिवक्ताओं के उत्साह को देखते हुए इस बार पहली बार मतदान केंद्र पर सेल्फी जोन भी बनाया गया है। वोट डालने के बाद अधिवक्ता यहां तस्वीरें खिंचवा सकेंगे।रायपुर शहर के अलावा अभनपुर, आरंग, तिल्दा समेत जीएसटी और इनकम टैक्स से जुड़े अधिवक्ता भी बड़ी संख्या में मतदान में हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
पहचान पत्र के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
मीडिया प्रभारी अमर गुरुबक्षाणी ने स्पष्ट किया कि मतदान के लिए अधिवक्ता संघ का मूल पहचान पत्र या स्टेट बार काउंसिल की वैध आईडी लाना अनिवार्य होगा। बिना वैध पहचान पत्र के मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
शनिवार को होगी मतगणना
मतदान समाप्त होने के बाद शनिवार को मतगणना की जाएगी। इसके बाद सभी पदों के परिणाम घोषित होंगे। निर्वाचन टीम का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस बल तैनात
चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। निर्वाचन अधिकारियों ने पहले ही अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।