

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chauthia's joy turns into mourning, one dead, 17 injured as pickup overturns
धमतरी। शादी के बाद ‘चौथिया’ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा एक यादव परिवार शुक्रवार शाम भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। झलमला-रानीमाई मार्ग पर पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों में 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
चौथिया कार्यक्रम में जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के भानपुरी निवासी टीकाराम यादव की बेटी का विवाह डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्ररीठमा में हुआ था। शुक्रवार शाम परिवार के करीब 35 सदस्य पिकअप वाहन में सवार होकर चौथिया कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। शाम करीब 6:30 बजे तालगांव के आगे रानीमाई मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में सुरेश यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई।
तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर उठे सवाल
घायलों के अनुसार, वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। कुछ लोगों को पहले बस और मेटाडोर से भेजा गया था, जबकि बाकी लोग पिकअप में जा रहे थे। आरोप है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर तेज गति से वाहन चला रहा था और यात्रियों की चेतावनी के बावजूद रफ्तार कम नहीं की गई।
हादसे के बाद मचा हड़कंप, राहगीरों ने की मदद
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग वाहन से उछलकर सड़क किनारे और झाड़ियों में जा गिरे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बच्चे बाल-बाल बचे, कई को गंभीर चोटें
वाहन में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 10 बच्चे भी सवार थे। बीच में बैठे होने के कारण वे सुरक्षित बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। वहीं अन्य कई यात्रियों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
चालक की भूमिका पर जांच जारी
प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। चालक का कहना है कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया।
अनुभव की कमी भी बन सकती है कारण
जांच में यह भी सामने आया है कि चालक को ड्राइविंग का सीमित अनुभव था और वह करीब एक साल पहले ही ड्राइवर बना था। जिस पिकअप वाहन को वह चला रहा था, उसे हाल ही में खरीदा गया था।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।