

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: 15 Naxalites from the BBM division expressed their desire to surrender, appealed to the Home Minister on radio for security guarantees, and are preparing to surrender by March 2-3.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जारी नक्सलियों के आत्मसमर्पण और पुनर्वास अभियान के बीच नक्सल संगठन के बीबीएम डिवीजन की ओर से गृहमंत्री Vijay Sharma को एक पत्र भेजा गया है। पत्र में 3 मार्च तक 15 नक्सलियों के हथियार सहित आत्मसमर्पण करने की बात कही गई है। इन सदस्यों की सक्रियता बलांगिर, बरगढ़ (ओडिशा) और महासमुंद (छत्तीसगढ़) क्षेत्रों में बताई गई है। पत्र पश्चिम सब ब्यूरो सचिव ‘विकास’ के नाम से जारी किया गया है।
पत्र में लिखा गया है कि संबंधित नक्सली हथियार सहित मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं। उन्होंने गृहमंत्री से रेडियो के माध्यम से सुरक्षा की सार्वजनिक गारंटी देने की अपील की है। आश्वासन मिलने पर 2 से 3 मार्च के बीच सामने आने की बात कही गई है।
पत्र के अनुसार, संगठन के सदस्य फिलहाल ओडिशा में हैं, लेकिन अधिकांश कैडर बस्तर क्षेत्र से जुड़े होने के कारण छत्तीसगढ़ में आत्मसमर्पण के लिए सहमत हुए हैं। एक अग्रिम टीम संपर्क स्थापित करने आगे बढ़ चुकी है, जबकि अन्य सदस्य क्रमशः निर्धारित स्थान की ओर आ रहे हैं। 1 मार्च तक का समय देने का भी अनुरोध किया गया है।
नक्सलियों ने आत्मसमर्पण में देरी के पीछे कुछ आशंकाओं का उल्लेख किया है। इनमें केंद्रीय कमेटी (CC) के निर्णय की प्रतीक्षा, आत्मसमर्पण के बाद बैरकों में रखे जाने और बाद में मामलों में फंसाए जाने की आशंका, तथा कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ का डर शामिल हैं। पत्र में कहा गया है कि इन कारणों से कैडर में संशय बना रहा, इसलिए कुछ दिन प्रतीक्षा की गई।
पत्र के अंत में दावा किया गया है कि कुल 15 सदस्य—DVC-3, AC-5 और PM-7 श्रेणी के—महासमुंद जिले में आत्मसमर्पण की योजना बना रहे हैं। साथ ही 31 मार्च के लक्ष्य से 28 दिन पहले ही सरेंडर करने की बात कही गई है।
पत्र में विशेष अनुरोध किया गया है कि आत्मसमर्पण प्रक्रिया के दौरान पुलिस कॉम्बिंग और दबाव की कार्रवाई रोकी जाए, ताकि समूह सुरक्षित तरीके से तय स्थान तक पहुंच सके। साथ ही ओडिशा पुलिस को भी सूचित कर बलांगिर और बरगढ़ जिलों में सर्च ऑपरेशन रोकने की मांग की गई है। नक्सलियों का कहना है कि रास्ते में सुरक्षा बलों की मूवमेंट दिखने पर समूह के बिखरने का खतरा है।
गृहमंत्री Vijay Sharma ने पत्र की पुष्टि करते हुए कहा कि बलांगिर, बरगढ़ और महासमुंद डिवीजन के नक्सलियों ने पुनर्वास की इच्छा जताई है और उनकी संख्या 15 से अधिक हो सकती है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेडियो संदेश जारी करने का अनुरोध किया है।
गृहमंत्री ने कहा कि सरकार नक्सलियों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने को लेकर गंभीर है। वे शीघ्र ही एक वीडियो संदेश जारी करेंगे, जिसमें नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील के साथ उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास का पूरा ध्यान रखने का आश्वासन दिया जाएगा।