

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Bilaspur police bust online betting racket, arrest two accused in Raipur
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार खाईवाल राजेश उर्फ राजा बजाज और उसके साथी प्रदीप खत्री को रायपुर के एक होटल से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी होटल के कमरे से “रिक्की पैनल” के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.90 लाख रुपए नकद, तीन लग्जरी कार, महंगे मोबाइल, लैपटॉप और बैंक दस्तावेज समेत करीब 45 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। साथ ही 10 से अधिक बैंक खातों में करोड़ों रुपए के लेनदेन के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच जारी है।
रिक्की पैनल से चलता था पैन इंडिया नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी “रिक्की पैनल” के जरिए देशभर में ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। इस प्लेटफॉर्म पर एविएटर, विंगो, कैसीनो, हॉर्स राइडिंग जैसे गेम्स के जरिए लोगों से दांव लगवाया जाता था। ग्राहकों को जोड़ने के लिए आरोपी टेलीग्राम और व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते थे, जहां उन्हें लिंक भेजकर सट्टा खेलने के लिए प्रेरित किया जाता था।
मुनाफे का तय था बंटवारा
पूछताछ में सामने आया कि इस अवैध कारोबार में मुनाफे का बंटवारा पहले से तय था। कुल कमाई का 65% हिस्सा हेड ऑफिस को और 35% हिस्सा लोकल ऑपरेटर को दिया जाता था।
फर्जी सिम और खातों से होता था लेन-देन
आरोपी फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का इस्तेमाल कर पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे। आम लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते लिए जाते थे और उन्हीं खातों से सट्टे की रकम का ट्रांजेक्शन किया जाता था।
लगातार ठिकाना बदल रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे और लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। बिलासपुर पुलिस की एंटी साइबर एंड क्राइम यूनिट (ACCU) को सूचना मिली थी कि आरोपी रायपुर के एक होटल में छिपे हैं, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
पहले की गिरफ्तारी से खुला था नेटवर्क
दिसंबर 2025 में पुलिस ने एक अन्य सटोरिए को गिरफ्तार किया था, जिसकी पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। उसी आधार पर पुलिस लगातार मुख्य आरोपियों की तलाश कर रही थी।
संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि पहली बार किसी सटोरिए के खिलाफ फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन शुरू किया गया है। आरोपियों की संपत्तियों की जांच की जा रही है और जल्द ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी का बयान
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि, “मेहनत की कमाई लूटने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा। अब ऐसे अवैध कारोबारियों पर आर्थिक प्रहार किया जाएगा, ताकि इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।” पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टा कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है और आने वाले समय में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।