

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Chief Minister Sai inaugurated the Surguja Olympics, giving 3.49 lakh players a platform to showcase their talent.
रायपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के सरगुजा अंचल में खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्यमंत्री को सलामी दी।
मुख्यमंत्री ने मां महामाया का स्मरण करते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और कहा कि बस्तर ओलंपिक की सफलता के बाद अब सरगुजा में भी इस आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार सरगुजा ओलंपिक में लगभग 3.49 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें से 2000 से अधिक खिलाड़ी तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए बड़ा प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और बजट में बस्तर व सरगुजा ओलंपिक के वार्षिक आयोजन हेतु 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। खिलाड़ियों को 21 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जबकि स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमशः 3 करोड़, 2 करोड़ और 1 करोड़ रुपए तक के पुरस्कार दिए जाएंगे।
खेल से जुड़ रहे युवा, बदल रहा बस्तर-सर्गुजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक में आत्मसमर्पित नक्सलियों की टीम ने भी हिस्सा लिया था, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है। साथ ही सरगुजा के पंडरापाठ में 20 करोड़ रुपए की लागत से आर्चरी अकादमी स्थापित की जा रही है।

राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 25 मार्च से छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स का आयोजन भी किया जाएगा, जिसका शुभारंभ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे।
गीता फोगाट ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कार्यक्रम में राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता गीता फोगाट ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में बेटियों की भागीदारी उत्साहजनक है। उन्होंने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

6 जिलों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक में 6 जिलों से 3.49 लाख प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 1.59 लाख पुरुष और 1.89 लाख महिलाएं शामिल हैं। इस आयोजन में 11 से अधिक खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, महापौर मंजूषा भगत, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राम किशुन सिंह, सभापति हरविंदर सिंह, राम लखन पैंकरा खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संभाग आयुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
