

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Bloody clash at wedding ceremony in Dhamtari, bride's brother stabbed to death, seven accused arrested
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब चौथिया कार्यक्रम के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह में दुल्हन के भाई चंदन निषाद (23) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, टेटकूराम निषाद की बेटी की शादी के बाद चौथिया/परघनी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समारोह में बैंड बाजा बज रहा था और दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे।
इसी दौरान लड़की पक्ष और बैंड बाजा से जुड़े युवकों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। विवाद बढ़ने पर जब लड़की पक्ष के लोग लौटने लगे, तब आरोप है कि बैंड बाजा से जुड़े कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में चंदन निषाद को चाकू घोंप दिया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में तरुण ध्रुव की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मगरलोड स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल हैं, जिन पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं,
तोरण चक्रधारी (18 वर्ष)
अभिषेक पटेल (20 वर्ष)
हिनेश उर्फ हिलेश्वर यादव (18 वर्ष)
ताम्रज कंवर (18 वर्ष)
गुलाब दीवान (20 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम भोथीडीह, थाना मगरलोड के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए है।