

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Boiler explosion at Mangal Carbon Plant in Raigarh, 8 workers including a 9-month-old child seriously burnt
रायगढ़। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को टायर रिसाइक्लिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर में हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें एक 9 महीने का मासूम बच्चा भी शामिल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। टायर गलाने की प्रक्रिया के दौरान अचानक बॉयलर में विस्फोट हुआ, जिससे तेज गर्म गैस और आग फैल गई। आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और कुछ ही पलों में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल में मचा हड़कंप
घटना के तुरंत बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, कई मजदूर 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं। 9 माह के बच्चे की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है, जिसे विशेष निगरानी में रखा गया है।
तकनीकी खामी से विस्फोट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बॉयलर के भीतर अत्यधिक दबाव बनने या किसी तकनीकी खराबी के कारण यह विस्फोट हुआ। प्लांट में पुराने टायरों को गलाकर कार्बन बनाने का काम किया जा रहा था। पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
सुरक्षा मानकों पर सवाल
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और प्लांट को सील कर दिया गया है। हादसे ने सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रमुख सवाल यह हैं कि क्या प्लांट में तय सुरक्षा नियमों का पालन हो रहा था, खतरनाक औद्योगिक परिसर में 9 माह का बच्चा कैसे मौजूद था, और क्या मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि प्लांट प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।