

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Cancer Conclave
रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से निपटने के लिए बेहतर उपचार सुविधाओं के साथ-साथ स्वस्थ मानव संसाधन तैयार करना भी जरूरी है। भारत की युवा आबादी देश की आर्थिक प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है और इसे स्वस्थ रखना विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

ओपी चौधरी शनिवार को नवा रायपुर में बाल्को मेडिकल सेंटर, eCancer तथा टाटा मेमोरियल सेंटर द्वारा आयोजित चतुर्थ वार्षिक BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में शामिल हुए। कॉन्क्लेव की थीम “Restoring Balance to Cancer Care” रखी गई थी। कार्यक्रम में उन्होंने कैंसर केयर, स्वास्थ्य सेवाओं की भविष्य की चुनौतियों और देश की युवा आबादी को स्वस्थ बनाए रखने की जरूरत पर विचार साझा किए।
युवा आबादी भारत की सबसे बड़ी ताकत
वित्त मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। देश की औसत आयु करीब 29 वर्ष, जबकि छत्तीसगढ़ की औसत आयु करीब 24 वर्ष है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह युवा आबादी भारत की आर्थिक विकास यात्रा की बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा शक्ति का स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। आने वाले 10 से 20 वर्षों में देश की जनसांख्यिकी में तेजी से बदलाव होगा और आबादी की औसत आयु बढ़ेगी। ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी होंगी।

ओपी चौधरी ने कहा कि देश को आर्थिक रूप से विकसित होने के साथ स्वस्थ भी रहना होगा। तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए स्वस्थ मानव संसाधन बुनियादी जरूरत है। इसलिए स्वास्थ्य क्षेत्र में समय रहते तैयारी, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ सेवाओं और शोध को बढ़ावा देना जरूरी है।
कैंसर की रोकथाम और शुरुआती जांच पर जोर
उन्होंने कहा कि कैंसर के इलाज के साथ जागरूकता, समय पर जांच और बीमारी की शुरुआती पहचान पर भी लगातार काम करने की जरूरत है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता को बढ़ाना भी जरूरी है, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।
वित्त मंत्री ने छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में पूरे प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। करीब 25-26 वर्ष पहले राज्य पीएमटी में लगभग 50वीं रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए भी मेडिकल सीट हासिल करना मुश्किल था, क्योंकि रायपुर में ही एकमात्र मेडिकल कॉलेज था।
उन्होंने कहा कि उस स्थिति से आगे बढ़ते हुए छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का काफी विस्तार हुआ है। आने वाले दो वर्षों में प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 20 से अधिक होने की दिशा में राज्य आगे बढ़ रहा है।
नवा रायपुर में देशभर से आए विशेषज्ञों का स्वागत
ओपी चौधरी ने बाल्को मेडिकल सेंटर और सर्जिकल रिसर्च फाउंडेशन की ओर से छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों और संस्थाओं का आभार जताया।
उन्होंने डॉ. यशवंत कश्यप, डॉ. दिवाकर पांडे, डॉ. आलोक कुमार स्वाइन और डॉ. अभिनव इंगले सहित आयोजन से जुड़े चिकित्सकों को धन्यवाद दिया। साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कैंसर विशेषज्ञों का नवा रायपुर में स्वागत किया।
उन्होंने नवा रायपुर को छत्तीसगढ़ की ग्रीन कैपिटल सिटी बताते हुए शहर के नियोजित विकास, हरित क्षेत्रों और मनोरंजन सुविधाओं का उल्लेख किया। उन्होंने देशभर से आए चिकित्सकों से कॉन्क्लेव के साथ नवा रायपुर को भी देखने और समझने का आग्रह किया।
शोध और विशेषज्ञ सेवाओं को बढ़ावा देने पर जोर
वित्त मंत्री ने कहा कि नवा रायपुर के विकास में स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसंधान और आधुनिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस तरह के आयोजन चिकित्सा विशेषज्ञों को एक-दूसरे के अनुभव और ज्ञान साझा करने का मंच देते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे कॉन्क्लेव कैंसर उपचार के क्षेत्र में नई तकनीकों और बेहतर उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने में मददगार साबित हो सकते हैं। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सक, कैंसर विशेषज्ञ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान कैंसर केयर को अधिक प्रभावी, संतुलित और मरीज-केंद्रित बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।