

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Congress's negligence in Gariaband, Minister Tankaram Verma sharply attacks the appointment of a dead person as Mandal President
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। गरियाबंद जिले में कांग्रेस पार्टी ने मृत व्यक्ति को मंडल अध्यक्ष नियुक्त कर दिया, जिससे सियासी गलियारों में हलचल मच गई है। जानकारी के अनुसार रूपेंद्र सोम, जिनका 22 अगस्त 2025 को निधन हो चुका है, उनका नाम मंडल अध्यक्षों की सूची में शामिल कर लिया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
यह मामला सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा का कांग्रेस पर हमला
इस पूरे मामले पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी लगातार पतन की ओर जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में न तो लोकतांत्रिक व्यवस्था है और न ही संगठनात्मक अनुशासन। "मरे हुए लोगों को पदाधिकारी बना देना कांग्रेस की कार्यशैली को दर्शाता है। कभी वोट चोरी तो कभी ईवीएम खराबी का आरोप लगाते हैं, कांग्रेस का अपना अलग ही कल्चर है।"
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस भाजपा की नकल करते हुए मंडल अध्यक्ष बनाने की प्रक्रिया अपना रही है, लेकिन "नकल करने के लिए भी समझदारी की जरूरत होती है।" साथ ही उन्होंने कांग्रेस को आंतरिक स्तर पर एसआईआर (संगठनात्मक समीक्षा) कराने की सलाह दी।
कांग्रेस ने दी सफाई
वहीं कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेदू ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया पिछले छह महीनों से चल रही थी और सूची पहले ही एआईसीसी को भेजी जा चुकी थी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान संबंधित व्यक्ति का निधन हो गया, जिसकी जानकारी समय पर अपडेट नहीं हो सकी। जल्द ही मृतक के स्थान पर किसी अन्य योग्य व्यक्ति की नियुक्ति कर दी जाएगी।
