

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Weather: Weather will change in Chhattisgarh, severe cold will return in Surguja, temperature will remain stable in the plains.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी हिस्से सरगुजा संभाग में ठंड की वापसी के संकेत मिल रहे हैं, जबकि राजधानी रायपुर समेत मैदानी इलाकों में तापमान फिलहाल स्थिर बना रहेगा। आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ठंड और हल्की गर्मी का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में अगले तीन दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर एक बार फिर तेज होने की संभावना है। पहाड़ी और वनांचल इलाकों में सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ सकती है।
दूसरी ओर रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। इन क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा और दिन के समय हल्की गर्मी का अहसास बना रह सकता है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में तापमान का उतार-चढ़ाव जारी है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं दुर्ग और जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन के समय गर्मी महसूस की गई।
राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर और आसपास के इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता प्रभावित हो रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजधानी में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में ठंड और हल्की गर्मी का मिश्रित असर देखने को मिलेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।
माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बिलासपुर में अधिकतम 29.0 और न्यूनतम 15.4 डिग्री, पेंड्रारोड में अधिकतम 26.8 और न्यूनतम 14.2 डिग्री, अंबिकापुर में अधिकतम 27.0 और न्यूनतम 10.8 डिग्री, जगदलपुर में अधिकतम 31.0 और न्यूनतम 13.8 डिग्री, दुर्ग में अधिकतम 31.0 और न्यूनतम 13.0 डिग्री तथा राजनांदगांव में अधिकतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।