

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Every step taken towards energy conservation is a contribution to nation building - Chief Minister Sai
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान का समर्थन करते हुए कहा है कि वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना हर नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है।
ऊर्जा संरक्षण भविष्य की जरूरत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ राज्य सरकार शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
कारकेड में केवल आवश्यक वाहन शामिल होंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके आधिकारिक दौरों के दौरान अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रीगणों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी वाहनों एवं अन्य संसाधनों का संयमित उपयोग करने का आग्रह किया गया है।
शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से ईवी में बदला जाएगा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य करेगी। इसके तहत सभी शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) में परिवर्तित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
जनता से सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने तथा अनावश्यक निजी वाहनों के इस्तेमाल से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं। यदि प्रत्येक नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।
‘नेशन फर्स्ट’ की भावना से जुड़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ ईंधन संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि हर जागरूक कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण योगदान देगा।