

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Health department on alert after 57 HIV positive patients found in Raigarh, Minister Shyam Bihari Jaiswal appeals to people to remain vigilant
रायपुर। श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि राज्य सरकार HIV संक्रमण को लेकर पूरी तरह सतर्क है और प्रदेशभर में व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। रायगढ़ जिले में जांच के दौरान 57 HIV पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से घबराने की बजाय जागरूक और सतर्क रहने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में HIV संक्रमण की पहचान और रोकथाम के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है, उनके इलाज और देखभाल के लिए सरकार के पास पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है। ऐसे मरीजों को डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि समय पर जांच और उपचार से स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं में नशीली दवाइयों के बढ़ते इस्तेमाल पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई युवा इंजेक्शन और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसको लेकर प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सख्ती के साथ-साथ समाज और परिवारों को भी जागरूक होना पड़ेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक HIV संक्रमण की रोकथाम के लिए समय-समय पर जांच अभियान, काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर जांच और इलाज से HIV संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सुरक्षित व्यवहार अपनाने और किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार HIV संक्रमित मरीजों के उपचार, दवाइयों और परामर्श सेवाओं के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य संक्रमण को फैलने से रोकना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है, ताकि समाज में डर और भ्रांतियां खत्म हो सकें।