

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Impact of Iran-US-Israel tensions; LPG cylinder shortages in Chhattisgarh, long queues outside agencies
रायपुर। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी की आशंका के चलते गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई जिलों में सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर भीड़
राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, सरगुजा और रायगढ़ समेत कई जिलों में सुबह से ही गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लोगों की भीड़ जुट रही है। लोग तेज धूप में घंटों खड़े होकर सिलेंडर के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
ऑनलाइन और मिस्ड कॉल बुकिंग अस्थायी रूप से बंद
मिली जानकारी के अनुसार कई जगहों पर ऑनलाइन और मिस्ड कॉल के जरिए गैस बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग कराई है, उन्हें भी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए 10 से 12 दिन तक इंतजार करने की बात कही जा रही है।
होटल-ढाबों में लकड़ी और कोयले की मांग बढ़ी
बिलासपुर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने के बाद होटल और ढाबों में अब लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल बढ़ गया है। मांग बढ़ने से लकड़ी और कोयले के दाम भी बढ़ने लगे हैं।
खाद्य विभाग की छापेमारी, सिलेंडर जब्त
गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बिलासपुर में छापेमारी के दौरान 6 घरेलू गैस सिलेंडर और रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए। इनमें 3 बड़े और 3 छोटे सिलेंडर शामिल हैं।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
गैस सिलेंडर की कमी को लेकर बिलासपुर में कांग्रेस नेताओं ने नेहरू चौक में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को श्रद्धांजलि दी गई और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया गया।
धमतरी में 32 घरेलू सिलेंडर जब्त
धमतरी जिले में भी खाद्य विभाग ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर 32 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जांच के दौरान 14 होटल, भोजनालय और रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय-वितरण विनियम) आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।